रुद्रपुर। दीवाली के दिन जुए में 15 हजार रुपये हारने और पत्नी से कहासुनी के बाद एक पेंटर का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर की है। पत्नी ने कमरे में पति को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बृजलाल मौर्य (निवासी जवाहर ज्योति, दमुवाढुंगा, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। वह शिवनगर में पत्नी के साथ किराये पर रहकर पेंटिंग का काम करता था। रविवार सुबह शराब पीने को लेकर उसका पत्नी गुड्डी मौर्य से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से चला गया।
पत्नी ने पुलिस को बताया कि शाम को घर लौटने पर बृजलाल ने उसे बताया कि वह जुए में 15 हजार रुपये हार गया है। रात करीब साढ़े सात बजे वह नीचे रसोई में खाना बना रही थी। इस दौरान पति ऊपर कमरे में अकेले थे। खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची तो बृजलाल टीनशेड में लगे लोहे के एंगल से चादर के सहारे लटके मिले। उनके पैर फर्श को छू रहे थे।
यह देख पत्नी ने उन्हें नीचे उतारा और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस के साथ जिला फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची। रात होने के कारण पंचायतनामे की कार्रवाई सोमवार सुबह करने का निर्णय लिया गया। पुलिस ने शव को रुद्रपुर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
