ठंड की दस्तक के साथ ही चोर हुए सक्रिय, तीन शराब की दुकानों से शराब की बोतलें और पैसे चोरी…

रुद्रपुर। शहर में चोरों ने एक ही रात में शराब की तीन दुकानों को निशाना बना लिया कार सवार चार संदिग्धों ने किच्छा रोड स्थित अंग्रेजी और ट्रांजिट कैंप स्थित देसी शराब की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और शराब की बोतलें चोरी कर लीं। दोनों घटनाओं में चोरों ने मध्यरात्रि के बाद वारदात को अंजाम दिया। सुबह दुकानों पर पहुंचने पर चोरी का पता चला।

पहली घटना किच्छा रोड पर भूतबंगला गेट के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई। दुकान की अनुज्ञापी मानसी बत्त्रा हैं। सेल्समैन जीवन सिंह कुंजवाल के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर चले गए थे। शनिवार सुबह पहुंचे तो शटर के दोनों ताले गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज देखने पर रात करीब ढाई बजे कार से पहुंचे चार लोग ताले तोड़ते नजर आए। चोर गल्ले से एक लाख रुपये से अधिक की नकदी और शराब की कई बोतलें ले गए।

 

दूसरी वारदात ट्रांजिट कैंप स्थित देसी शराब की दुकान में हुई। यहां भी कार सवार चोरों ने रात करीब तीन बजे ताले तोड़ दिए। सेल्समैन ब्रह्मस्वरूप के अनुसार, सुबह नौ बजे दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला। चोर गल्ले में रखी बिक्री की करीब 65 हजार रुपये की नकदी ले गए। उन्होंने अनुज्ञापी बलदेवराज और पुलिस को इसकी सूचना दी।

वहीं, बिलासपुर रोड पर अंग्रेजी शराब की उप दुकान में चोरी:

कार सवार अज्ञात चोरों ने मध्य रात्रि करीब 3:50 बजे बिलासपुर रोड पर कॉलेज के समीप स्थित अंग्रेजी शराब की उप दुकान (रोडवेज बस अड्डा नंबर एक) के ताले तोड़ डाले। अनुज्ञापी मोहन सिंह बिष्ट की इस दुकान के सेल्समैन प्रताप सिंह नैवाल ने बताया कि रात करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी और प्रातः लगभग 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो ताले गायब मिले। अंदर जाकर देखने पर गल्ले से बिक्री के रखे करीब 3 लाख रुपये और हजारों रुपये कीमत की शराब की बोतलें नदारद थीं, जिसकी पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।