रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से लाखों रुपये लेने के आरोपों में घिरे जेड ग्लोबल करियर्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक मोहम्मद अलीम के खिलाफ ठगी का एक और मामला सामने आया है। जसपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई और भांजे समेत आठ युवकों को आर्मेनिया भेजने के नाम पर 19.27 लाख रुपये लेने और विदेश पहुंचने पर वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आवास विकास के साहिबजादा चौक स्थित जेड ग्लोबल करियर्स के संचालक मोहम्मद अलीम ने युवकों को विदेश में 55 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन और मुफ्त आवास दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर युवकों और उनके परिजनों ने लाखों रुपये एजेंसी को दिए।
आरोप है कि आर्मेनिया पहुंचने के बाद युवकों को 55 हजार के बजाय 47 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने को कहा गया। वहीं, रहने और खाने के नाम पर 13 हजार रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त खर्च भी बताया गया। इतना ही नहीं, विदेश पहुंचने के बाद युवकों से 15-15 हजार रुपये अतिरिक्त लेने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में एक युवक फाजिल रजा खान से 200 डॉलर जबरन लेने का आरोप भी लगाया गया है। फाजिल 42,500 रुपये खर्च कर टिकट बनवाने के बाद भारत लौट आया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवकों को एक साल तक रोजगार दिलाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन विदेश में उन्हें असुरक्षित परिस्थितियों में छोड़ दिया गया। परिजनों ने बैंक ट्रांजेक्शन, रसीद, व्हाट्सएप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य बताते हुए रकम वापस दिलाने, विदेश में फंसे युवकों की सुरक्षित वापसी और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
