रुद्रपुर। ओमेक्स रिवेरा के एक विला में ताश के पत्तों के बीच हजारों नहीं, लाखों रुपये रखे थे। कमरे में टेबल के चारों ओर बैठे छह लोग बाजी खेल रहे थे। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंच गई। अचानक हुई कार्रवाई से कमरे में चल रहा खेल थम गया। टेबल पर रखे ताश के पत्तों के साथ नकदी भी पुलिस के हाथ लगी। मौके से कुल 3,88,100 रुपये और पोकर सेट बरामद किया गया।
यह मामला पंतनगर थाना क्षेत्र के ओमेक्स रिवेरा स्थित लेमडा-39 विला का है। पुलिस के अनुसार, मेट्रोपोलिस मॉल के पास संयुक्त चेकिंग के दौरान एक मुखबिर ने विला में जुआ खेले जाने की सूचना दी थी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी विमल सैनी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। विला की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में छह लोग टेबल के चारों ओर बैठे मिले। उनके पास ताश के पत्ते और रुपये थे। पुलिस को देखकर उन्होंने पत्ते और नकदी टेबल पर रख दी।
मौके पर 500 रुपये के 773 नोट और 100 रुपये के 16 नोट मिले। नकदी की कुल रकम 3,88,100 रुपये थी। इसके साथ ताश की दो गड्डियां और अलग-अलग रंगों के अंकित प्लास्टिक के सिक्कों वाला पोकर सेट भी बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान अमित कुमार और मनवेन्द्र सिंह निवासी ओमेक्स रिवेरा, अशोक कुमार निवासी वार्ड नंबर चार गदरपुर, अपूर्व कुमार निवासी सिविल लाइंस आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर, अभिषेक कुमार निवासी ओमेक्स और विवेक गुप्ता निवासी ओमेक्स के रूप में हुई है। मामले में पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
