रुद्रपुर। मलिक कॉलोनी स्थित अंसारी इलेक्ट्रिकल दुकान में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखी 25 से 30 बैटरियां और चार्जर जल गए। दुकान स्वामी के अनुसार, घटना में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दुकान स्वामी मुजम्मिल हुसैन अंसारी ने बताया कि उनकी दुकान में जांच के लिए एक पुरानी लिथियम बैटरी लाई गई थी। बैटरी का करंट चेक करते समय अचानक धमाका हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखी अन्य बैटरियों और चार्जरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर धुआं भरने से स्थिति और गंभीर हो गई।
आग लगते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दुकान स्वामी ने बताया कि आग से दुकान में रखा काफी सामान नष्ट हो गया। हालांकि, आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। फिलहाल जले हुए सामान को हटाकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
