शादी के दूसरे दिन से 10 लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, मारपीट कर घर से निकालने और रुपये नहीं लाने पर जिंदा जलाने की धमकी देने का आरोप

रुद्रपुर। सिंह कॉलोनी निवासी एक विवाहिता ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। मामले में महिला हेल्पलाइन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

 

सिंह कॉलोनी गली नंबर एक निवासी पारुल चौधरी के अनुसार, उसका विवाह 10 मार्च 2026 को आदर्श कॉलोनी निवासी रोहित कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि मायके पक्ष की ओर से अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज और उपहार दिए गए, लेकिन पति रोहित, सास बाला देवी, जेठ जितेंद्र कुमार और ननद ज्योति व रूबी इससे खुश नहीं थे।

 

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के दूसरे दिन से ही ससुराली उसे कम दहेज लाने के ताने देने लगे। उससे मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि घर के कामकाज के दौरान उसके साथ अभद्रता की जाती थी और छोटी-छोटी बातों पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मायके जाने पर पति की ओर से रुपये नहीं देने पर तलाक देने की धमकी भी दी जाती थी।

 

पारुल के मुताबिक, 30 जून की रात करीब 10 बजे सास और ननदों के उकसाने पर पति व जेठ ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया गया। उसे चेतावनी दी गई कि 10 लाख रुपये लेकर ही वापस आए, अन्यथा जिंदा जला दिया जाएगा।

 

महिला ने बताया कि वह किसी तरह मायके पहुंची, लेकिन परिवार को तत्काल घटना की जानकारी नहीं दी। दो जुलाई को भाई विपिन कुमार ने चोटें देखीं तो उसका मेडिकल कराया गया। इसके बाद 28 जुलाई को महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं।