शौच का बहाना बनाकर अस्पताल से फरार हुआ पॉक्सो का आरोपी, अस्पताल की खिड़की से कूदकर भागा बाल संप्रेक्षण गृह में बंद आरोपी

हल्द्वानी। बेस अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया पॉक्सो एक्ट का आरोपी बृहस्पतिवार को पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी अस्पताल की खिड़की से कूदकर भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह की गार्द ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आखिरी बार उसे बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की जानकारी मिली है।

जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के आरोप में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद आरोपी को बृहस्पतिवार को बेस अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान वह शौच जाने का बहाना बनाकर अस्पताल की खिड़की से कूद गया और फरार हो गया। आरोपी के भागने से वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। गार्द ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। वहीं, सर्विलांस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की आवाजाही का पता लगाया जा सके।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।