रुद्रपुर। साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को फोन किया और उसके क्रेडिट कार्ड से 2.23 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, ठग ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड लॉगइन करने को कहा था। इसके बाद एक ही ट्रांजेक्शन में 2,23,852 रुपये कट गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कोलड़ा, कीरतपुर दानपुर स्थित साई विहार फेज पांच में आनंदम गार्डन के पास रहने वाले दिबाकर सेनापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक से जुड़ा बताया और क्रेडिट कार्ड लॉगइन करने के लिए कहा। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 2,23,852 रुपये की रकम धोखाधड़ी से निकाल ली गई।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई है। इसके बाद 22 अक्तूबर को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
