हल्द्वानी। गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे कार काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। गौला फ्लाईओवर पर अचानक चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क पर घिसटती हुई काफी दूर तक गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एसटीएच में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक और युवती का उपचार जारी है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके होश में आने के बाद हादसे के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
