रुद्रपुर। शहर में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से हलचल मच गई। चार से पांच वाहनों में आई टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। टीम की गतिविधियों को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित एक अस्पताल पहुंची। यहां आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद टीम विशाल मेघा मार्ट स्थित एक जिम पहुंची। बताया जा रहा है कि वहां भी कुछ लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद टीम रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित बत्रा कॉलोनी पहुंची। यहां शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. दीपक छाबड़ा के आवास पर जांच की गई।
एक के बाद एक तीन स्थानों पर टीम की कार्रवाई से शहर में चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, अस्पताल, जिम और चिकित्सक के आवास पर की गई जांच के बीच क्या संबंध है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आयकर विभाग की ओर से भी कार्रवाई के उद्देश्य और जांच के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
