हरिद्वार। खानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर टेंपो चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास टेंपो छोड़कर गन्ने के खेत में जा छिपा। वहां से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी।
घटना तीन अक्तूबर की रात की है। चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध लोडर टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने टेंपो रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और खानपुर की ओर भाग निकला।
चौकी प्रभारी ने तत्काल खानपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ संदिग्ध टेंपो की तलाश में रवाना हुए। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास पुलिस ने टेंपो को घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक वाहन सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया।
पुलिस के अनुसार, खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़कर उपचार के लिए सीएचसी लक्सर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रुड़की सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मुठभेड़ की सूचना पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की बताया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर उसके क्षेत्र के एक मंदिर में हुई चोरी के मामले में फरार होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान टेंपो चालक ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। घायल को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
