शिव इन्क्लेव में आधी रात गोलियों की बौछार, दहशत में घरों में दुबके लोग, नकाबपोश युवकों ने करीब दस राउंड किए फायर, दो वाहनों के शीशे टूटे; कार कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शिव इन्क्लेव कॉलोनी में गुरुवार देर रात अचानक गोलियां चलने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि कार सवार नकाबपोश युवकों ने कॉलोनी में पहुंचकर करीब दस राउंड फायरिंग की। लगातार गोलियां चलने से लोग सहम गए और घरों से बाहर निकलने के बजाय दरवाजे बंद कर लिए। फायरिंग के दौरान दो वाहनों के शीशे टूटने की भी बात सामने आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक कार कब्जे में ली है।

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कॉलोनी में एक युवती करीब डेढ़ माह से किराये के मकान में रह रही है। उसके घर पर युवकों का आना-जाना लोगों ने कई बार देखा था। गुरुवार रात भी एक युवक युवती के घर पहुंचा। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ तो आरोप है कि युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

 

कुछ देर बाद कई युवक कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि नकाबपोश युवकों ने पहले हंगामा किया और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक गोलियां चलने से पूरी कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। लोग सहमकर घरों के भीतर चले गए। इसी दौरान दो वाहनों के शीशे टूट गए।

 

फायरिंग की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। मौके पर मिली कार को कब्जे में लेकर उसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

 

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग की घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।