रुद्रपुर। रेस्टोरेंट में काम खत्म कर घर लौट रहे 37 वर्षीय कैशियर की रुद्रपुर-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मनविंदर सिंह (37) पुत्र बलविंदर सिंह मूल रूप से रामपुर के टकला मतखेड़ा मिलक क्षेत्र के रहने वाले थे। वह वर्तमान में रुद्रपुर में रहकर एक रेस्टोरेंट में कैशियर का काम करते थे। बताया गया कि बुधवार रात वह रोज की तरह रेस्टोरेंट में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मनविंदर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। कुछ देर बाद पहुंची एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मनविंदर की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उनका 14 वर्षीय बेटा है। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
