यूपीआई के जरिए चार बैंक खातों में सेंध, 3.96 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी, अलग-अलग खातों से कई बार में निकाली रकम

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

रुद्रपुर। साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिए एक व्यक्ति के अलग-अलग बैंक खातों में सेंध लगाकर करीब चार लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने कई बार में कुल 3,96,816 रुपये की रकम खातों से निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भूरारानी के फौजी मटकोटा निवासी ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ सितंबर को उनके बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से संदिग्ध तरीके से रकम निकाली गई। उनके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 98,988 रुपये और इंडियन बैंक खाते से भी 98,988 रुपये निकाल लिए गए।

इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के एक खाते से दो बार में 50 हजार और 49,852 रुपये की निकासी की गई। वहीं एचडीएफसी बैंक के दूसरे खाते से भी 98,988 रुपये निकाल लिए गए। अलग-अलग खातों से हुई इन निकासी को जोड़ने पर कुल रकम 3,96,816 रुपये पहुंचती है।

खातों से रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर साइबर ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से लेनदेन और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच कर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।