रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के फुलसुंगा में किराए के मकान में रह रहे 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार एक सितंबर को दोपहर करीब 3:51 बजे 112 पर कॉलर गुड्डू निवासी फुलसुंगा ने सूचना दी कि उसके किरायेदार ने रात में फांसी लगा ली है। सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने देखा कि कमरे में एक व्यक्ति फंदे से लटका हुआ था। मौके पर मृतक के भाई धर्मेंद्र कश्यप, बहन ममता और मकान मालिक गुड्डू समेत अन्य लोग मौजूद थे।
पूछताछ में मृतक की पहचान जितेंद्र कश्यप पुत्र होरीलाल, निवासी तिलहर, जिला शाहजहांपुर, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई। वह करीब तीन वर्षों से फुलसुंगा में किराए के मकान में पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी और बच्चे रक्षाबंधन पर मायके गए हुए थे, जबकि भाई-बहन अलग रहते हैं।
परिजनों और पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा। जिला एफएसएल टीम ने भी कमरे और आसपास बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट या अन्य भौतिक साक्ष्य नहीं मिला। मृतक करीब दो-तीन दिन से फंदे पर लटका प्रतीत हुआ। मकान मालिक की पुत्री ने दरवाजा खोला तो शव पंखे पर लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
