रुद्रपुर। उधम सिंह नगर पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड बदमाश जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ एमेनिटी लॉ कॉलेज, अमरपुर रोड के पास आम के बाग में हुई। पुलिस ने मौके से उसके दो साथियों सुमित राठौर निवासी ट्रांजिट कैंप और चंदन निवासी डीबडीबा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग और 30 जून की रात ट्राला पर हुई फायरिंग की घटना में वांटेड था। दूसरी घटना में पीलीभीत निवासी शाइस्ता गोली लगने से घायल हुई थीं। सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी आम के बाग में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र के पैर में गोली लगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जितेंद्र चौधरी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा हथियार, कारतूस सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।




