मौत बनकर दौड़ी सड़क! अज्ञात वाहन ने कंपनी कर्मचारी को कुचला, खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर स्केटिंग कोच की दर्दनाक मौत, दो परिवारों में मचा कोहराम

Share the news

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर और रामपुर जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से निजी कंपनी के कर्मचारी ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे हादसे में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने पर एक स्केटिंग कोच की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में मातम छा गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में हुआ। पिपली, बिलासपुर निवासी 46 वर्षीय छत्रपाल सिंह पुत्र छोटेलाल सिंह पिछले 18 वर्षों से द ग्रीन पैनल कंपनी में कार्यरत थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह कंपनी में अपनी स्विफ्ट कार खड़ी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय तेज बारिश होने के कारण टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी।

दूसरा हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे रुद्रपुर-काशीपुर मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे तेल मिल के पास हुआ। रामपुरम, काशीपुर निवासी पृथ्वी पुत्र राजेंद्र चौधरी बाइक से रुद्रपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। गंभीर रूप से घायल पृथ्वी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पृथ्वी पेशे से स्केटिंग कोच थे और रुद्रपुर में बच्चों को प्रशिक्षण देने नियमित रूप से आते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के साथ-साथ खेल जगत में भी शोक की लहर है।

एसपी सिटी उत्तम सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बिलासपुर हादसे में अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि रुद्रपुर हादसे के सभी पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *