संवाददाता, रुद्रपुर।
ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान एक महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से बहेड़ी क्षेत्र के पिपलिया गांव निवासी परमेश्वरी लाल ने कुछ वर्ष पूर्व ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर दो में अपना मकान बनाकर परिवार सहित निवास करना शुरू किया था। वर्ष 2023 में परमेश्वरी लाल की मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद उनकी पत्नी माया देवी लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। परिजनों के मुताबिक लगातार खराब स्वास्थ्य के चलते वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगी थीं।
बताया गया कि शुक्रवार शाम माया देवी ने रोजाना की तरह अपनी दवाइयां लीं और रात करीब नौ बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद जब परिजन उन्हें देखने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खोलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। माया देवी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थीं।
घटना का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने महिला को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका अपने पीछे दो पुत्र, एक अविवाहित पुत्री तथा विवाहित पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।




