जाफरपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, डंपर ने क्लीनिक संचालक को कुचला
रुद्रपुर। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक क्लीनिक संचालक की दर्दनाक मौत हो गई। जाफरपुर रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मृतक के शरीर के दो टुकड़े हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार रतनफार्म शक्तिफार्म नंबर तीन निवासी 46 वर्षीय मन्टु चंद्र राय लंबाखेड़ा क्षेत्र में क्लीनिक संचालित करते थे। वह परिवार के साथ शिवपुर गांव में किराये के मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात वह क्लीनिक बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जाफरपुर के पास पीछे से आ रहे डंपर संख्या यूपी-25 ईटी-1658 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और डंपर उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। मौके का मंजर देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
सूचना पर पहुंची रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




