काशीपुर रोड स्थित पद्मा कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय रंजीत विश्वास की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। कई दिनों से लापता रंजीत का शव उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र के ऋच्छा स्थित नदी किनारे मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 23 मई की रात रंजीत की अपने भाई से आखिरी बार बात हुई थी। उसने बताया था कि वह काम के सिलसिले में बहेड़ी आया है और दो दिन बाद घर लौटेगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। सोमवार को एक संदिग्ध युवक ने ही परिवार को फोन कर शव मिलने की सूचना दी, जिससे शक और गहरा गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ माह पहले रंजीत ने नई स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी, जिसे उसने भरोसे में अपने दोस्त अजय के नाम पर फाइनेंस कराया था। आरोप है कि बाइक को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि अजय और उसके रिश्तेदारों ने रंजीत को बहेड़ी बुलाया था और वहीं साजिश रची गई।
स्थानीय लोगों द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में भी रंजीत की बाइक पर एक अज्ञात युवक दिखाई देने की बात सामने आई है। उधर, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत को डूबने से हुई बता रही है, जबकि परिजनों का कहना है कि रंजीत अच्छा तैराक था और सामान्य नदी में डूबना संभव नहीं है।
परिवार ने कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध युवकों से सख्त पूछताछ की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की है।




