रुद्रपुर। शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रविवार देर रात दो लस्सी ठेली संचालकों के बीच हुआ विवाद सड़क पर हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की ठेलियों में तोड़फोड़ कर दी। वहीं वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ठेली संचालकों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविंद्रनगर निवासी कृपाल और शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी रामपाल क्षेत्र में लस्सी की ठेली लगाते हैं। रविवार देर रात दोनों की ठेलियों पर ग्राहक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने गुस्से में एक-दूसरे की ठेलियों में तोड़फोड़ भी की। इसी दौरान वहां मौजूद ट्रांजिट कैंप निवासी शुभम मंडल मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि वीडियो बनाते देख दोनों ठेली संचालक उस पर भड़क उठे और उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और ठेली संचालक कृपाल व रामपाल को चौकी ले गई।
पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक चर्चा का माहौल बना रहा।



