रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सस्ते प्लाट का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों ने पहले सस्ती और बेहतर लोकेशन का लालच दिया और बाद में पहले से बिके प्लाट की रजिस्ट्री कराकर लाखों रुपये हड़प लिये।
राजा कॉलोनी गोल मढ़ैया ट्रांजिट कैंप निवासी प्रेमपाल ने बताया कि ठाकुरनगर निवासी रवि मिश्रा और आकाश दीक्षित प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। दोनों लगातार उसे सस्ते दामों में अच्छा प्लाट दिलाने का भरोसा देते रहे। आरोप है कि उन्होंने गांव लोहर्रा में नंद किशोर और उसकी पत्नी नीलम सिंह का 101 वर्ग मीटर का प्लाट दिखाया और बताया कि पैसों की जरूरत होने के कारण दंपत्ति जमीन कम कीमत में बेच रहा है।
बातों में आकर प्रेमपाल ने नौ अक्टूबर 2025 को प्लाट की रजिस्ट्री करा ली और 6.60 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। आरोप है कि इसके बाद जब कब्जा देने की बात आई तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शक होने पर पीड़ित ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि उक्त प्लाट 20 मई 2025 को ही सितारा देवी निवासी जगतपुरा को बेचा जा चुका था।
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे धमकियां दी गईं। मामले की शिकायत ट्रांजिट कैंप पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने अदालत की शरण ली। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने रवि मिश्रा, आकाश दीक्षित, नंद किशोर और नीलम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




