ट्रांजिट कैंप में सनसनी: बंद मकान में फंदे से लटकी मिली महिला, तलाक का मुकदमा चल रहा था, पिता ने दूसरी चाबी से खोला दरवाजा, छत की सीढ़ियों के पास मिला शव; मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ पंचनामा

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की आशीर्वाद कॉलोनी, गंगापुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान प्रभा शर्मा (37 वर्ष) पत्नी अंकित गर्ग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने मकान में अकेली रहती थी। मंगलवार सुबह उसके पिता सतीश कुमार शर्मा रोजाना की तरह मकान के निचले हिस्से में चल रहे निर्माण कार्य को देखने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने अपने पास मौजूद दूसरी चाबी से दरवाजा खोला।

घर के अंदर पहुंचते ही पहली मंजिल से छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास बेटी को नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटका देख पिता के होश उड़ गए। उन्होंने पड़ोस की महिला पूजा की मदद से शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक प्रभा की मौत हो चुकी थी।

सूचना पर उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, सौरभ भारती और महिला उपनिरीक्षक पूनम रावत पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

जांच में सामने आया है कि प्रभा शर्मा का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था और पति अंकित गर्ग के साथ तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। शादी को सात वर्ष से कम समय होने के कारण मजिस्ट्रेट की देखरेख में पंचनामा भरवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *