‘राइस पुलर’ के नाम पर करोड़ों का झांसा, रुद्रपुर निवासी से ₹22.50 लाख की ठगी; मॉस्को वैज्ञानिकों की फर्जी जांच दिखाकर गिरोह ने ऐंठी रकम, धमकी देकर भगाया

Share the news

रुद्रपुर। अंतरिक्ष और उपग्रहों में इस्तेमाल होने वाले कथित “राइस पुलर” (आरपी) के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुद्रपुर की डॉक्टर कॉलोनी निवासी बलवंत राय अरोड़ा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक संगठित गिरोह पर ₹22 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

पीड़ित के अनुसार दिसंबर 2024 में सिक्किम निवासी राजू घोष नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि उसके पास एक असली “राइस पुलर” धातु है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये कीमत है। आरोप है कि फरवरी 2025 में उन्हें लखनऊ ले जाकर एक सुनसान इलाके में कांच के बॉक्स में बंद कथित धातु दिखाई गई और इसे अंतरिक्ष तकनीक में उपयोग होने वाला दुर्लभ पदार्थ बताया गया।

इसके बाद खुद को “मैसर्स अर्निंगा एन्टीक मैटल्स” कंपनी से जुड़ा बताने वाले सुमित पाठक, उसकी पीए इशिका और सपना गोयल ने पीड़ित को भरोसे में लिया। आरोपियों ने कहा कि धातु की जांच रूस के मॉस्को से आने वाले वैज्ञानिक करेंगे, जिसके लिए ₹22.50 लाख खर्च होंगे। झांसे में आकर पीड़ित ने सपना गोयल के खातों में ₹12.50 लाख ट्रांसफर किए, जबकि ₹10 लाख नकद दिल्ली स्थित कार्यालय में सौंप दिए।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। जब पैसे वापस मांगे गए तो कुछ रकम लौटाकर शेष ₹16.50 लाख हड़प लिए गए। आरोप है कि 20 अप्रैल 2026 को दिल्ली कार्यालय पहुंचने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

पीड़ित ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और बैंक ट्रांजैक्शन सहित कई साक्ष्य सौंपे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *