सितारगंज में 35 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 119 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन विभव सैनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और प्रभारी निरीक्षक सितारगंज सुन्दरम शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम शुक्रवार देर शाम रुद्रपुर-सितारगंज हाईवे पर अमरिया चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 119 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाबाद हुसैन (26) निवासी बाईपास कॉलोनी, वार्ड नंबर 11, सितारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक बहेड़ी, बरेली निवासी अपने साथी नदीम से लाना बताया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शाबाद हुसैन पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




