एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत: शादी से इंकार पर नाबालिग की गला रेतकर हत्या, भागते आरोपी पर पुलिस की गोली, कडप्पा में सनसनी, लोगों में भारी आक्रोश

Share the news

शादी से इंकार पर नाबालिग की गला रेतकर हत्या, भागते आरोपी को पुलिस ने मारी गोली

आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। काजीपेट अग्रहारम गांव में एक 17 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी युवक वेंकटेश ने एकतरफा प्यार में शादी से मना करने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से पीड़िता को परेशान कर रहा था और उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। शुक्रवार दोपहर को जब लड़की घर पर अकेली थी, तभी आरोपी जबरन घर में घुस आया और फिर से शादी के लिए दबाव बनाने लगा। लड़की के साफ इंकार के बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर वेंकटेश ने चाकू से हमला कर उसका गला काट दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पिता अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में चेन्नूर के पास उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मरने से पहले पीड़िता ने दो हमलावरों के नाम भी बताए थे।

इस बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन शनिवार सुबह उसे मैदुकुरु से शिफ्ट करते समय उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। आरोपी ने दो कांस्टेबलों पर हमला भी किया। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और हवा में गोलियां चलाईं, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसे काबू में करने के लिए पैर में गोली मार दी।

घायल आरोपी को कडप्पा के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है और लोग आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *