रुद्रपुर/सितारगंज | संवाददाता
उधमसिंहनगर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसके तार जम्मू-कश्मीर स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बदर’ से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज क्षेत्र से पकड़े गए एक अभियुक्त से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए। अभियुक्त के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच में सामने आया कि उसके खातों से जम्मू-कश्मीर के विभिन्न बैंक खातों में लगातार संदिग्ध लेनदेन हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद एक बड़े नेटवर्क की परतें खुलने लगीं।
जांच में यह भी सामने आया कि जम्मू-कश्मीर के टुलरन सोफिया निवासी रेहान मीर इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, रेहान मीर प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बदर’ का ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) है और वह पकड़े गए अभियुक्त के खाते में धनराशि भेज रहा था।
इस मामले के तार दिल्ली तक भी जुड़े मिले हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस एंगल से जांच कर रही है कि भेजी गई रकम के बदले कहीं हथियारों की सप्लाई तो नहीं की जा रही थी। इस संबंध में दिल्ली में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला आतंकी फंडिंग और संभावित हथियार तस्करी से जुड़ा हो सकता है। उधमसिंहनगर पुलिस अब जम्मू-कश्मीर और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




