मजदूरी मांगना पड़ा महंगा: ठेकेदार और बेटों पर मारपीट का आरोप, युवक गंभीर घायल
रुद्रपुर। मजदूरी के दो हजार रुपये मांगने पर एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पीड़ित का कान का परदा फट गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में ठेकेदार और उसके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संजय नगर खेड़ा वार्ड-11 निवासी आरती मंडल पत्नी गणेश मंडल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रोहित मंडल पेंट का काम करता है और उसने ठेकेदार भरत अधिकारी के साथ काम किया था। इस काम के एवज में रोहित की करीब दो हजार रुपये मजदूरी बनती थी, जिसे ठेकेदार लगातार टालता रहा।
बुधवार दोपहर जब आरती के पति गणेश मंडल ठेकेदार भरत अधिकारी के घर मजदूरी के पैसे मांगने पहुंचे, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ठेकेदार के पुत्र सूरज अधिकारी ने उन्हें धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद भरत अधिकारी, सूरज अधिकारी और शिवम अधिकारी ने मिलकर गणेश मंडल को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
हमले में गणेश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका कान का परदा फट गया और शरीर पर कई चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
पीड़िता आरती मंडल ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




