साउथ कोरिया का सपना… इथोपिया का टॉर्चर! गदरपुर के युवक को सात समंदर पार बनाया बंधक। ​खून से सनी तस्वीरें और 50 लाख का QR कोड:

उत्तराखंड के गदरपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर एक युवक को मौत के मुँह में धकेल दिया गया। गदरपुर के अब्दुल्लानगर निवासी रोहित कुमार को साउथ कोरिया भेजने के नाम पर न केवल लाखों की ठगी की गई, बल्कि वर्तमान में उसे इथोपिया में बंधक बनाकर रखा गया है।

​घटना का विवरण

​पीड़ित परिवार के अनुसार, वार्ड नंबर 4 (सिनेमा हॉल रोड) निवासी हिंमाशु शर्मा ने रोहित को सुरक्षित साउथ कोरिया पहुँचाने का झांसा दिया था। यह सौदा 15 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें से परिवार ₹5.65 लाख का भुगतान पहले ही कर चुका था।

​आरोपी ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए रोहित को बैंकॉक, शारजाह और दुबई होते हुए इथोपिया पहुँचाया। 5 अप्रैल 2026 को इथोपिया पहुँचने के बाद से ही रोहित का परिवार से संपर्क टूट गया।

​क्रूरता की हदें पार: 50 लाख की फिरौती

​परिजनों का आरोप है कि उन्हें रोहित की ऐसी तस्वीरें मिली हैं जिनमें उसका मुँह बँधा हुआ है और शरीर पर चोट के निशान हैं। अपहरणकर्ताओं ने परिवार से पहले 80 लाख और फिर 50 लाख रुपये की फिरौती की माँग की है। फिरौती के लिए बाकायदा QR कोड भेजा गया है और पैसा न देने पर रोहित के कान काटने जैसी खौफनाक धमकियाँ दी जा रही हैं।

​संगठित गिरोह का पर्दाफाश?

​परिवार ने इस पूरी साजिश के पीछे एक संगठित गिरोह का हाथ बताया है। शिकायत में हिमांशु शर्मा के साथ अभिमन्यु, श्वेता, त्रिलोचन सिंह और मनदीप के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग गूलरभोज रोड स्थित पपनेजा कॉलोनी के पास ‘इंट्रैको’ (Intraco) नाम से ऑफिस चला रहे हैं।