रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल रोड स्थित न्यू गुरु नानक ट्रांसपोर्ट के पास एक चालक वाहन में बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर 108 एंबुलेंस भी पहुंची, लेकिन पुलिस के आने का इंतजार किया जा रहा था।
सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहां मौजूद ट्रांसपोर्ट स्वामी ने बताया कि मृतक चालक की पहचान रवि कुमार (निवासी अंबाला, हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बंद बॉडी कंटेनर वाहन में माल लेकर 5 अप्रैल को रुद्रपुर पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि चालक रात में खाना खाने के बाद वाहन में ही सो गया था। सुबह अन्य चालकों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। जांच के दौरान चिकित्साकर्मियों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने पुलिस को बताया कि मृतक के साथ अन्य चालक भी उसी स्थान पर ठहरे हुए थे। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी




