संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, हरियाणा पुलिस पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
चमोली। जिले के जोशीमठ क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बलवंत सिंह, निवासी गांव मोलटा (जोशीमठ) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के पुत्र आशीष और प्रवेश पंवार के अनुसार, बलवंत सिंह अपने पोते-पोतियों के साथ गोपेश्वर में रह रहे थे। उनका आरोप है कि रविवार सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग सादे कपड़ों में उनके घर पहुंचे और खुद को हरियाणा पुलिस का जवान बताया। इसके बाद उन्होंने घर की तलाशी ली और बलवंत सिंह को अपने साथ ले गए। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया और बताया कि उनके पिता के खिलाफ कोई मामला दर्ज है।
परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद कर्णप्रयाग से फोन आया, जिसमें बताया गया कि बलवंत सिंह की तबीयत खराब हो गई है और दवाइयों की जानकारी मांगी गई। जब तक परिजन कर्णप्रयाग पहुंचे, उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर किया जा चुका था। श्रीनगर पहुंचने पर उन्हें बलवंत सिंह की मौत की सूचना मिली।
परिजनों ने आरोप लगाया कि सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ रहे उनके पिता के साथ रास्ते में टॉर्चर किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारी अब फोन नहीं उठा रहे हैं और मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित पुलिसकर्मी मौके पर नहीं आते, वे शव को नहीं ले जाएंगे।
वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बलवंत सिंह के खिलाफ हरियाणा पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हरियाणा के रोहतक से आई पुलिस टीम स्थानीय पुलिस को सूचना देकर वापस लौट गई थी।
फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की मांग तेज हो गई



