एयरबैग ने बचाई जान, सिडकुल चौक पर दो कारों की जोरदार भिड़ंत

Share the news

रुद्रपुर। सिडकुल चौक पर शनिवार को दो कारों के बीच हुई भीषण टक्कर में बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार में आमने-सामने आई दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए, लेकिन समय पर एयरबैग खुलने से सभी यात्रियों की जान बच गई। हालांकि हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार संख्या यूपी 15 डीवी 8845 में सवार द्वारका, दिल्ली निवासी लोग हल्द्वानी की ओर से आ रहे थे और चौक से मुड़कर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी कार संख्या यूके 06 बीडी 0808, जिसमें रुद्रपुर निवासी लोग सवार थे, सिडकुल की ओर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। दोनों वाहन तेज गति में थे, जिसके चलते चालकों का नियंत्रण बिगड़ गया और दोनों कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों कारों में लगे एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही घायलों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को सामान्य बताया है।

पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *