रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मोबाइल खरीद को लेकर हुए विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एक महिला ने दुकानदार पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर महिला ने पुलिस को बताया कि उसने 23 मार्च को ट्रांजिट कैंप स्थित एक मोबाइल दुकान से फाइनेंस पर मोबाइल फोन खरीदा था। आरोप है कि उस समय दुकानदार ने मोबाइल के साथ इंश्योरेंस और गारंटी देने का भरोसा दिया, लेकिन कोई बिल या संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
शुक्रवार को जब मोबाइल में खराबी आ गई तो महिला अपने पति के साथ दुकान पर पहुंची और गारंटी के तहत मरम्मत की मांग की। इस पर दुकानदार कथित तौर पर भड़क गया और दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर दुकानदार ने दंपति को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि ज्यादा दबाव बनाने पर गोली मार देगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हुआ। बाद में दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दंपति को मोबाइल से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज देने और समस्या का समाधान करने पर सहमति जताई।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि दंपति की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।




