रुद्रपुर में गैस कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज, आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद में घरेलू गैस की कालाबाजारी के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। दुधियानगर क्षेत्र स्थित एक किराना स्टोर पर छापेमारी के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार 01 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर तहसीलदार दिनेश कुटोला, क्षेत्रीय पटवारी अमित पाण्डे, पुलिस टीम एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मलकीत सिंह की संयुक्त टीम ने पासा किराना स्टोर, दुधियानगर रेशमबाड़ी, वार्ड नंबर-13 में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक तफ्सील पासा पुत्र इदरीश अहमद को घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
छापेमारी में मौके से चार घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा), जिनमें दो इंडेन और दो भारत गैस के थे, के अलावा तीन छोटे सिलेंडर (5 किग्रा व 2 किग्रा), एक गैस रिफिलिंग नोजल मशीन, रेगुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, रिफिलिंग नट-बोल्ट और प्लास बरामद किए गए। बरामद सभी सिलेंडरों व उपकरणों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से इंडेन गैस एजेंसी, रुद्रपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग और व्यवसायिक उपयोग आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी प्रदाय एवं वितरण आदेश 2000 का उल्लंघन है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपी तफ्सील पासा के विरुद्ध कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के नेटवर्क व इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



