रुद्रपुर।
उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक पांच सितारा होटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दिल्ली निवासी ज्योति के रूप में हुई है, जो अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ उत्तराखंड आई थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों भवाली स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में दर्शन के बाद देर रात दिल्ली लौटने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में रुद्रपुर पहुंचकर उन्होंने रेडिसन ब्लू होटल में कमरा लिया और एक ही कमरे में ठहरे।
पुलिस के मुताबिक, होटल पहुंचने के बाद अमित चौधरी ने होटल स्टाफ से शराब मंगवाई, जिसका दोनों ने सेवन किया। बताया जा रहा है कि अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे फिर से बीयर ऑर्डर की गई। कुछ समय बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे हड़कंप मच गया।
स्थिति गंभीर होते देख अमित चौधरी ने तुरंत होटल स्टाफ को सूचना दी और एंबुलेंस बुलवाई गई। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिले के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम भी हर पहलू की बारीकी से जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के असली कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




