रुद्रपुर में युवक का वीडियो वायरल, पुलिस कर्मी पर लगाए गंभीर आरोप; “मेरी मौत का जिम्मेदार वही होगा” कहकर लगाई न्याय की गुहार, कार्रवाई पर उठे सवाल

Share the news

रुद्रपुर में सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्थानीय पुलिस चौकी के एक कर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में युवक एक पुलिसकर्मी का नाम लेते हुए कह रहा है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है या उसकी मृत्यु हो जाती है, तो इसके लिए संबंधित चौकी का वही पुलिसकर्मी जिम्मेदार होगा।
वीडियो में युवक खुद को “राहुल वाल्मीकि” बता रहा है, जिसकी पहचान उसकी फेसबुक आईडी से भी हो रही है। युवक का कहना है कि 27 नवंबर को उसका एक विवाद हुआ था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उसने आरोप लगाया कि वह लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिली है।
वायरल वीडियो में युवक संबंधित चौकी के स्टाफ की तस्वीरें भी दिखाता नजर आ रहा है और एक पुलिस कर्मी को “पूरन साहब” कहकर संबोधित करते हुए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहरा रहा है। युवक ने वीडियो में यह भी कहा कि यह उसके मामले से जुड़ा आखिरी वीडियो है और इसके बाद वह कोई और वीडियो जारी नहीं करेगा।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर जब क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो पाई।
फिलहाल, वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *