भीषण आग का कहर, कपड़ों के अवैध भंडारण ने ली 5 जिंदगियां, एक ही परिवार खत्म, दम घुटने से मौत, प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में

Share the news

भीषण आग से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, इलाके में मातम

सूरत (गुजरात):

सूरत के लिंबायत इलाके में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के पांच लोगों की जान ले ली। मृतकों में तीन महिलाएं, एक युवती और एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा शामिल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा मीठी खाड़ी के पास स्थित एक सोसाइटी में हुआ, जहां घर के भीतर भारी मात्रा में साड़ियां और कपड़े भंडारित किए गए थे। बताया जा रहा है कि करीब 10 टन कपड़ों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दम घुटने और झुलसने से सभी की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा, लेकिन संकरी गलियों के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

इस हादसे में शहनाज बेगम (65), शबीना (28), परवीन (19), हुस्सा बेगम (18) और मासूम शुबान (4) की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद सूरत नगर निगम के मेयर दक्षेश मावानी मौके पर पहुंचे और इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में इस तरह का अवैध गोदाम बनना बेहद खतरनाक है।

मेयर ने चेतावनी दी कि अब पूरे शहर में सर्वे कर ऐसे अवैध गोदामों को सील किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *