कॉलेज में वर्चस्व की जंग खूनी बनी, बीटेक छात्र की मौत; 15 पर मुकदमा, तीन गिरफ्तार, कैंपस हिंसा से मचा हड़कंप

Share the news

देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में छात्रों के बीच चल रही पुरानी रंजिश ने सोमवार रात खूनी रूप ले लिया। आपसी वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक बीटेक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात सूचना मिली कि केहरी गांव, प्रेमनगर में कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना निवासी मुजफ्फरनगर को उसके साथी प्रेमनगर अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया। साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही कॉलेज के छात्र हैं और उनके बीच पहले से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 23 मार्च की रात को मारपीट हुई।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *