सिरौलीकला में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू: 23 मार्च से 20 मई तक चलेगा अभियान, घर-घर सर्वे, 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वाले जुड़ेंगे वोटर सूची में

Share the news

नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित

रुद्रपुर, 18 मार्च। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नगर पालिका परिषद सिरौलीकला की मतदाता सूची के विस्तृत पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। यह प्रक्रिया 23 मार्च 2026 से शुरू होकर 20 मई 2026 तक चलेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सारणी के तहत विभिन्न चरणों में कार्य किया जाएगा। 23 से 25 मार्च तक पुनरीक्षण कार्य के लिए संगणकों, पर्यवेक्षकों तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति और उनके कार्यक्षेत्र का निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद 26 से 27 मार्च तक संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

28 मार्च से 11 अप्रैल तक संगणक घर-घर जाकर गणना एवं सर्वेक्षण करेंगे, ताकि योग्य मतदाताओं का सही आंकलन किया जा सके। 12 से 16 अप्रैल तक प्रारूप मतदाता सूची की पांडुलिपि तैयार होगी, जबकि 17 अप्रैल से 1 मई तक इसकी डाटा एंट्री और फोटोस्टेट का कार्य किया जाएगा।

2 मई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 3 से 9 मई तक आम नागरिक सूची का निरीक्षण कर सकेंगे और दावे व आपत्तियां दर्ज कर पाएंगे। 10 से 14 मई के बीच इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

15 से 19 मई तक पूरक सूची तैयार कर उसकी डाटा एंट्री की जाएगी और अंततः 20 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। यह पुनरीक्षित सूची ही आगामी सामान्य और उप चुनावों में उपयोग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *