रुद्रपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; साथी मनोज भी दबोचा, 10 अवैध हथियार और कारतूस बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share the news

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में अवैध असलाह तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम ने रविवार को मुठभेड़ के बाद कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बंटी कोली के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके एक साथी मनोज कुमार को भी मौके से गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अवैध शस्त्र तस्करी पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रुद्रपुर क्षेत्र में अवैध तमंचों की सप्लाई करने वाला बंटी कोली अपने साथी के साथ मोदी मैदान के पास हथियारों की डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी।

पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चार राउंड फायर किए, जिसमें बंटी कोली के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी मनोज कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से सात तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक पिस्टल 30 बोर, कुल 18 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बंटी कोली रुद्रपुर क्षेत्र का कुख्यात असलाह सप्लायर है और उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसे तीन माह के लिए जिला बदर भी किया गया था, जिसका उसने उल्लंघन किया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ट्रांजिट कैंप थाने में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *