फर्जीवाड़ा: जिस अस्पताल में हुआ ही नहीं था जन्म, उसी के नाम पर बनवाया जन्म प्रमाण पत्र; जांच में खुलासा, आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

Share the news

हरिद्वार। जिले में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें बेटी का जन्म ऐसे अस्पताल में दिखाया गया, जो उस समय अस्तित्व में ही नहीं था। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि विकासखंड बहादराबाद क्षेत्र में गलत तरीके से जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि ज्वालापुर क्षेत्र की पावधोई स्थित राम रहीम कॉलोनी निवासी शाहीन पत्नी उस्मान और उस्मान पुत्र मोहम्मद इकबाल ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को आवेदन देकर अपनी पुत्री अक्षा का जन्म एक मार्च 2008 को जया मैक्सवेल हॉस्पिटल अतमलपुर बोंगला में होने की जानकारी दी थी।

आवेदन में उन्होंने यह भी बताया कि पहले जारी जन्म प्रमाण पत्र खो गया है और आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए उन्हें बारकोड वाला ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र चाहिए। इसके साथ उन्होंने वर्ष 2009 में जारी हस्तनिर्मित जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति तथा आधार और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां भी संलग्न की थीं। इन दस्तावेजों के आधार पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने 18 फरवरी 2026 को सीआरएस पोर्टल के माध्यम से अक्षा का ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया।

हालांकि कुछ दिनों बाद एक व्यक्ति ने अधिकारी को सूचना दी कि प्रस्तुत जन्म प्रमाण पत्र फर्जी है। इसके बाद की गई जांच में सामने आया कि जिस जया मैक्सवेल हॉस्पिटल में जन्म दर्शाया गया है, वह वर्ष 2008 में अस्तित्व में ही नहीं था और यह अस्पताल वर्ष 2015 में बना था।

जांच में फर्जीवाड़ा स्पष्ट होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने शाहीन, उस्मान और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही धोखाधड़ी से जारी जन्म प्रमाण पत्र को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं बहादराबाद थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *