रुद्रपुर।
शहर के भूरारानी क्षेत्र में महिला मित्र के साथ टहल रहे युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला मित्र के साथ अभद्र टिप्पणी और छेड़छाड़ का विरोध करने पर तीन युवकों ने स्टील के पाइप से युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भूरारानी निवासी युवक ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में बताया कि 12 मार्च की रात वह अपनी महिला मित्र के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान नवीनखेड़ा क्षेत्र के एक फार्म में रहने वाले पिंटू, उमेश और चंदन वहां पहुंच गए। युवक का आरोप है कि तीनों ने उसकी महिला मित्र को देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
जब युवक ने इसका विरोध किया और आरोपियों को ऐसा करने से रोका, तो तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने स्टील के पाइप से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण वह कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गया।
घटना के बाद आरोपी युवक को अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए। इसके अलावा उसके चेहरे, हाथ, पीठ, कंधे, आंख के नीचे और कोहनी पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
मामले में एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



