गाय के बछड़े के दोनों कान कटे मिलने से मचा हड़कंप, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता, पुलिस जांच में जुटी, घायल बछड़े को उपचार के बाद गौशाला भेजा गया

Share the news

रुद्रपुर। शहर के काशीपुर रोड स्थित ग्राम महेशपुर में बुधवार सुबह एक गाय के बछड़े के दोनों कान कटे मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सुबह स्थानीय लोगों ने बछड़े को घायल अवस्था में देखा, जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। मामले की सूचना सामाजिक कार्यकर्ताओं को दी गई।

सूचना मिलते ही विराट आर्य के नेतृत्व में गौ-सेवा से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बछड़े के कान कटे होने और शरीर पर चोट के निशान देख उन्होंने चिंता व्यक्त की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि घायल पशु के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बछड़े का रेस्क्यू कर उपचार की व्यवस्था कराई और उसे सुरक्षित रूप से गौशाला भिजवा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि यदि इस संबंध में तहरीर प्राप्त होती है तो पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *