राम-सीता पर आपत्तिजनक पोस्ट से भड़का आक्रोश, विधायक शिव अरोरा संग संगठनों ने थाने पहुंचकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई

Share the news

रुद्रपुर में सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम और माता सीता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर माहौल गरमा गया है। आकाश बाबू नामक व्यक्ति द्वारा की गई आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे।

विधायक ने कोतवाल मोहन पांडेय से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह की अमर्यादित भाषा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने पुलिस से सख्त कदम उठाने को कहा ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक भावनाओं को आहत करने से पहले सौ बार सोचे।

उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। विधायक ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि आरोपी दोबारा वहां कार्यरत न हो। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई उसे संरक्षण देगा तो उसे भी दोषी माना जाएगा।

इस दौरान गो रक्षा दल और अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने भी पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *