अटरिया मंदिर के पास नमाज पढ़ रहे मजदूर की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी; धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोपों से क्षेत्र में तनाव

Share the news

रुद्रपुर। मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने शहर में तनाव की स्थिति पैदा कर दी। वीडियो में एक दिहाड़ी मजदूर नमाजी को अटरिया मंदिर से कुछ दूरी पर खुले मैदान में रमजान की नमाज अदा करते समय कथित रूप से मंदिर कमेटी प्रबंधक द्वारा बेरहमी से पीटते हुए दिखाया गया है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नमाज पढ़ रहे व्यक्ति के पास पहुंचकर आरोपी उसे लात-घूंसों से मारना शुरू कर देता है। इसके बाद वह डंडे से भी प्रहार करता है और अपने एक साथी से घटना का वीडियो बनाने को कहता है। वीडियो में आरोपी द्वारा आपत्तिजनक और उकसावे वाली भाषा का प्रयोग करते हुए भी सुना जा सकता है, जबकि पीड़ित व्यक्ति रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पीड़ित पास ही निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करता है और नमाज के समय एकांत स्थान पर चला गया था।

वहीं आरोपी का कहना है कि वह व्यक्ति पिछले तीन दिन से मंदिर के सामने नमाज पढ़ रहा था, जिसे मना किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *