अरविंद पांडे ने प्रशासन को पत्र लिखकर अपने ही कैंप कार्यालय और आवास पर कार्रवाई की मांग कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पांडे ने ऊधम सिंह नगर के जिला प्रशासन को संबोधित पत्र में कहा है कि संतोषनगर वार्ड नंबर-3, गूलरभोज स्थित उनके कैंप कार्यालय और आवास को अतिक्रमण की श्रेणी में दर्शाते हुए पूर्व में नोटिस जारी किया गया था।
विधायक ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि प्रशासन उनकी उपस्थिति में स्थल का चिन्हीकरण कर सरकारी भूमि पर बने कार्यालय व आवास को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई करे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्हें और उनके वारिसों को इस कार्रवाई पर कोई आपत्ति नहीं है।
19 फरवरी 2026 को लिखे गए इस पत्र के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां इसे पारदर्शिता और जवाबदेही का कदम माना जा रहा है, वहीं विपक्ष इसे राजनीतिक रणनीति के रूप में देख रहा है।
अब निगाहें जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि चिन्हीकरण और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया कब और कैसे शुरू की जाती है।




