मां पर हत्या का आरोप, दो वर्षीय मासूम भी गई जेल; दिनेशपुर कांड में बहू समेत छह सलाखों के पीछे, मां से जुदा न होने पर बच्ची को साथ रखने की मिली अनुमति

Share the news

 

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद हुई मारपीट में 70 वर्षीय सास की मौत हो गई। पुलिस ने बहू समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। इस मामले में दो वर्षीय मासूम बच्ची का अपनी मां के साथ जेल जाना नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार दिनेशपुर वार्ड नंबर-4 निवासी प्रसन्नजीत साह का मंगलवार देर रात अपनी पत्नी सुरभि से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरभि ने मायके फोन कर दिया। कुछ ही देर में मायके पक्ष से पांच लोग घर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान प्रसन्नजीत की 70 वर्षीय मां संध्या साह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्धा को अस्पताल भिजवाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

प्रसन्नजीत की तहरीर पर पुलिस ने सुरभि, उसकी मां सुजाता, बहन दिशा, भाई अमन तथा सुमित और पीयूष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। एक महिला आरोपित ने अपनी दो वर्षीय बेटी को साथ रखने का अनुरोध किया, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद बच्ची मां से अलग होने को तैयार नहीं हुई।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *