राजकीय महाविद्यालय में बाहरी युवक की मनमानी, शिक्षण व प्रशासनिक कार्य बाधित करने का आरोप, अभद्रता और मारपीट के मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस को तहरीर सौंपी

Share the news

रुद्रपुर। शहर के एक राजकीय महाविद्यालय में एक बाहरी युवक द्वारा लगातार अव्यवस्था फैलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उक्त युवक बीते करीब एक वर्ष से बिना किसी अधिकृत अनुमति के महाविद्यालय परिसर में प्रवेश कर रहा है और शिक्षण व प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहा है।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार युवक स्वयं को किसी अन्य विश्वविद्यालय का छात्र बताता है और छात्रों के नाम पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहता है। आरोप है कि उसे कई बार मौखिक और लिखित रूप से चेतावनी दी गई, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। उल्टा युवक द्वारा कर्मचारियों से अभद्रता और मारपीट किए जाने की घटनाएं भी सामने आईं।

प्रशासन का कहना है कि उक्त घटनाओं की सूचना पूर्व में पुलिस चौकी को दी जा चुकी है। हाल ही में शीतकालीन अवकाश के दौरान उच्च शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के निरीक्षण के समय भी युवक महाविद्यालय परिसर में मौजूद पाया गया। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान युवक ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज की। यह पूरी घटना महाविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है।

महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि कर्मचारियों और छात्रों की सुरक्षा भी खतरे में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। प्रशासन ने मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में महाविद्यालय के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *