देहरादून।
ड्यूटी के प्रति लगातार लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले ढाई वर्षों से अनुपस्थित चल रहे एक कांस्टेबल को विभागीय जांच पूरी होने के बाद पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त कांस्टेबल अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था। हालांकि कांस्टेबल ने वहां ड्यूटी पर रिपोर्ट नहीं की और 65 दिनों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहा। इसके बाद 20 जून 2023 को उसने जनपद देहरादून में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन 1 सितंबर 2023 को पुलिस लाइन की सुबह गणना से फिर अनुपस्थित हो गया। इसके बाद से लेकर आज तक कांस्टेबल ने अपनी वापसी नहीं कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीओ लाइन को सौंपी गई। विभागीय कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल अनिल सिंह ने न तो जांच में सहयोग किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। सीओ लाइन द्वारा विभागीय जांच पूरी कर रिपोर्ट एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर आज एसएसपी देहरादून ने अंतिम निर्णय लेते हुए कांस्टेबल को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि पुलिस एक अनुशासित बल है और ड्यूटी के प्रति लापरवाही सीधे जनता की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि इस तरह के मामले सामने आए तो और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से जिम्मेदारी, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने की अपील की है।



