सनसनीखेज हत्याकांड से दहला जिला: बाजार में 23 साल की युवती का दिनदहाड़े गला रेता, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पर उठे सवाल

Share the news

देहरादून | संवाददाता
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने धारदार हथियार से युवती की गर्दन काटकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान गुंजन (23) के रूप में हुई है, जो बीते 5 से 6 वर्षों से मच्छी बाजार स्थित दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम करती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुंजन घर से निकली थी। इसी दौरान एक युवक उससे बातचीत करने के बहाने पास आया और अचानक चापड़ से उस पर हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर वार के कारण गुंजन मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के विरोध में मच्छी बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
देहरादून पुलिस के अनुसार हत्या का आरोपी आकाश कुमार (27) है, जो कोमल राम का पुत्र है और खुड़बुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आकाश कुमार काफी समय से गुंजन का पीछा कर रहा था। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आकाश की शादी के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आकाश उसका लगातार पीछा करता रहा और उसे धमकियां देता था।
पुलिस के मुताबिक, गुंजन ने दो दिन पहले आरोपी द्वारा दी गई धमकी को लेकर खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। इसी बीच आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
गौरतलब है कि देहरादून जिले में बीते पांच दिनों के भीतर एक महिला और दो युवतियों की हत्या की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 29 जनवरी को विकासनगर में 18 वर्षीय छात्रा की नृशंस हत्या हुई थी, जबकि 31 जनवरी को ऋषिकेश में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *